निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र को देती है नई दिशा: राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार
निष्पक्ष और श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला सम्मेलन में पत्रकार कल्याण कोष के गठन की घोषणा, ट्रैफिक प्रभारी ने दिए 1 लाख रुपये छतरपुर। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की जिला इकाई द्वारा शनिवार को एक होटल में जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों, सामाजिक जिम्मेदारी और पत्रकारों के कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। सम्मेलन में जिलेभर से बड़ी संख्या में श्रमजीवी पत्रकार शामिल हुए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि पत्रकारिता का भविष्य पत्रकारों के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि आलोचना के माध्यम से सकारात्मक मार्गदर्शन मिलता है। पत्रकारिता की कलम जब निष्पक्षता के साथ चलती है तो समाज को नया नजरिया मिलता है। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बावजूद श्रमजीवी पत्रकारों की विश्वसनीयता कायम रहना महत्वपूर्ण है। उन्होंने संगठन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।तथ्यपरक पत्रकारिता पर जोर एपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले कुछ समय में काफी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि जब रिपोर्टिंग सही और तथ्यपरक नहीं होती तो कई बार असामान्य परिस्थितियां पैदा होती हैं। पत्रकारिता में तथ्यों और सत्यता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, जिससे पत्रकारिता को बेहतर दिशा मिल सके।छतरपुर रेंज के डीआईजी विजय खत्री ने कहा कि पत्रकारिता और पुलिस समाज तथा सामाजिक विश्वास के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। पत्रकारिता की भूमिका समाज को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ दिशा देने की है। उन्होंने कहा कि मीडिया के सकारात्मक सहयोग से बेहतर पुलिसिंग में मदद मिलती है। दक्षता और संवाद के माध्यम से खबरों की सत्यता और विश्वसनीयता कायम रखी जा सकती है।कलेक्टर मृणाल मीणा ने कहा कि पत्रकार प्रशासन के सकारात्मक कार्यों को भी प्रमुखता दें, इससे अच्छा काम करने वालों को प्रोत्साहन मिलता है। वहीं प्रशासन की कमियों को उजागर करने से उन्हें सुधारने का अवसर भी मिलता है।पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता की भूमिका बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई है। नेतृत्व, जागरूकता और निष्पक्षता के साथ काम करना ही पत्रकारिता की वास्तविक जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज में फैल रही बुराइयों को उजागर करने वाले पत्रकारों के कार्य को सराहनीय बताया।पत्रकार बीमा प्रीमियम कम करने की मांग सम्मेलन के दौरान प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में वन राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पत्रकार स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना के बढ़े हुए प्रीमियम को लेकर चिंता जताई गई।संघ ने मांग की कि बढ़ी हुई बीमा राशि को कम कर पिछले वर्ष के समान किया जाए। साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि 25 सितंबर से बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 करने की मांग की गई, ताकि जानकारी के अभाव में कोई पत्रकार योजना से वंचित न रह जाए। राज्यमंत्री ने ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।पत्रकार कल्याण कोष का गठन सम्मेलन में जिला इकाई अध्यक्ष अभिषेक सिंह सेंगर ने पत्रकारों की मदद के लिए पत्रकार कल्याण कोष के गठन की घोषणा की। इस घोषणा का उपस्थित पत्रकारों ने तालियों से स्वागत किया।बताया गया कि इस कोष के माध्यम से पत्रकार की आकस्मिक मृत्यु, बेटी के विवाह, दुर्घटना अथवा अन्य जरूरत की परिस्थितियों में तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।कल्याण कोष के लिए ट्रैफिक प्रभारी बृहस्पति साकेत ने 1 लाख रुपये तथा बक्सवाहा ब्लॉक इकाई अध्यक्ष विनोद जैन ने 11 हजार रुपये सहयोग देने की घोषणा की।प्रांताध्यक्ष ने पत्रकारों की जिज्ञासाओं का किया समाधान कार्यक्रम में संवाद सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें पत्रकारों ने विभिन्न विषयों को लेकर सवाल और अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने जवाब देते हुए समाधान किया।इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार राकेश शुक्ला, रविन्द्र अरजरिया, डॉ. सुमति प्रकाश जैन, संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल, बक्सवाहा ब्लॉक अध्यक्ष विनोद जैन, चंदला के अशोक शुक्ला सहित अन्य पत्रकारों ने पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान समारोह में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जिले के वरिष्ठ पत्रकारों को शाल, श्रीफल एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। पत्रकार साथियों को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए।कार्यक्रम में पूर्व विधायक उमेश शुक्ला, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष करूनेन्द्र प्रताप सिंह, संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार दुबे, रामकिशोर अग्रवाल, संभागीय अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष भरत चौरसिया, कोषाध्यक्ष कल्याण सिंह चौहान सहित जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए श्रमजीवी पत्रकार मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन संभागीय महासचिव प्रतीक खरे ने किया, जबकि जिला महासचिव संजय सक्सेना ने आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के अंत में दूरदर्शन के रिपोर्टर रसीद ख़ान के पिता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।












