Home / राजनीति / भारतीय किसान संघ ने निकाली विशाल ट्रैक्टर रैली, मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

भारतीय किसान संघ ने निकाली विशाल ट्रैक्टर रैली, मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

छतरपुर। अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों के नुकसान की भरपाई और किसानों को उचित मुआवजा दिलाए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ ने छतरपुर में विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली।

ट्रैक्टर रैली का शुभारंभ कृषि उपज मंडी छतरपुर से हुआ। रैली से पहले मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बुंदेली लोकगीतों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने किसानों में उत्साह भर दिया।

इसके बाद भारतीय किसान संघ के प्रदेशाध्यक्ष कमल सिंह और जिलाध्यक्ष अयोध्या पटेल के नेतृत्व में जिलेभर से पहुंचे किसानों ने बड़ी संख्या में ट्रैक्टर रैली में सहभागिता की। रैली पुराने पन्ना नाका से होते हुए छत्रसाल चौराहा पहुंची और इसके बाद कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में किसानों ने प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की दावा राशि का समय पर भुगतान, किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा राशि दिलाए जाने की मांग रखी।

भारतीय किसान संघ का कहना है कि लगातार बारिश और अतिवृष्टि के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, ऐसे में प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान की जानी चाहिए।

कलेक्टर प्रतिनिधि एवं एसडीएम राज ललन बागरी ने भारतीय किसान संघ का ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने मांग पत्र में उल्लेखित विषयों के निराकरण को लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *