Home / मध्यप्रदेश / छतरपुर शहर बना धूल और गड्ढों का शहर, सड़कों पर उड़ रहे धूल के गुबार से लोग परेशान

छतरपुर शहर बना धूल और गड्ढों का शहर, सड़कों पर उड़ रहे धूल के गुबार से लोग परेशान

छतरपुर। शहर की प्रमुख सड़कों पर इन दिनों धूल और गड्ढों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पन्ना रोड, जवाहर रोड, महोबा रोड सहित शहर के अंदर की कई सड़कों पर वाहनों के गुजरने के साथ धूल के गुबार उड़ रहे हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग घर से तैयार होकर निकलते हैं, लेकिन सड़क पर उड़ती धूल के कारण कपड़े गंदे होने के साथ सांस लेने में भी दिक्कत महसूस कर रहे हैं।

शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी है। कई स्थानों पर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं, वहीं सड़क किनारे जमा मिट्टी और धूल वाहनों के गुजरने पर हवा में फैल रही है। इसके बावजूद समस्या के समाधान को लेकर प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है।

धी परेशानी

जिला अस्पताल में पदस्थ श्वांस संबंधी चिकित्सक डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि बारिश के मौसम के बाद धूल से एलर्जी होना आम समस्या है। अस्थमा के मरीजों के लिए धूल और मिट्टी विशेष रूप से नुकसानदायक होती है। लगातार धूल के संपर्क में रहने से उनकी परेशानी बढ़ सकती है। उन्होंने लोगों को धूल-मिट्टी से बचाव करने की सलाह दी है।

डॉ. चतुर्वेदी के अनुसार, धूल-मिट्टी के बारीक कण सांस के जरिए शरीर में प्रवेश करते हैं, जिससे एलर्जी और सांस संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। लगातार धूल के संपर्क में रहने से स्वस्थ व्यक्ति को भी परेशानी हो सकती है। खासतौर पर अस्थमा और एलर्जी से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

सड़क निर्माण की मांग

अधिवक्ता सौरभ तिवारी ने शहर की सड़कों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि छतरपुर की सड़कें देखकर ऐसा प्रतीत होता है जैसे शहर की सड़कें धूल-मिट्टी की सड़कों में बदल गई हों। उन्होंने कहा कि महोबा रोड, सागर रोड, जवाहर रोड सहित कई मार्गों पर गड्ढों और धूल के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि शहर की जर्जर सड़कों की जल्द मरम्मत कराई जाए और जहां आवश्यक हो वहां सड़क निर्माण का कार्य कराया जाए, ताकि आम लोगों को धूल, गड्ढों और आवागमन की परेशानी से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *