छतरपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में गड़बड़ी मिलने पर रामपुर (कुर्रा) की शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता कुलदीप यादव के खिलाफ ईशानगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। दुकान में जांच के दौरान गेहूं, चावल और शक्कर की निर्धारित मात्रा से कम स्टॉक मिला। मामले में 3.56 लाख रुपए की वसूली के आदेश भी जारी किए गए हैं।जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत रामपुर में राशन वितरण नहीं होने की शिकायत मिली थी। इस पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी हरिओम वर्मा ने 30 जुलाई 2026 को उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। स्टॉक का मिलान करने पर दुकान में 101.26 क्विंटल गेहूं, 22.79 क्विंटल चावल और 24 किलोग्राम शक्कर कम पाई गई।जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2015 के उल्लंघन और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की गई। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।जिला प्रशासन के अनुसार, पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उचित मूल्य दुकानों की निगरानी की जा रही है। अनियमितता मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












