Home / देश / बलिया में जमीनी रंजिश में दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला: CRPF से वीआरएस ले चुके पूर्व जवान की मौत

बलिया में जमीनी रंजिश में दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला: CRPF से वीआरएस ले चुके पूर्व जवान की मौत

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बेल्थरा रोड स्थित उभांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनाडीह में जमीनी विवाद को लेकर दो सगे भाइयों पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस खूनी वारदात में गंभीर रूप से घायल पूर्व सीआरपीएफ जवान अमरेश बहादुर सिंह (46 वर्ष) की मऊ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, उनके छोटे भाई मंजेश सिंह (35 वर्ष) की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू (वाराणसी) के ट्रॉमा सेंटर में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

सीआरपीएफ से वीआरएस लेकर डेयरी फार्म चलाते थे अमरेश

मृतक अमरेश बहादुर सिंह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में कार्यरत थे और उन्होंने इसी वर्ष 31 मार्च को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ली थी। गांव लौटने के बाद वे अपने छोटे भाई मंजेश के साथ घर के समीप डेयरी फार्म का संचालन कर रहे थे। अमरेश के परिवार में उनकी पत्नी कंचन सिंह और तीन बेटियां—कृतिका, रितिका और रोशनी (उम्र लगभग 15 से 20 वर्ष) हैं।

डेयरी फार्म पर सोते समय पट्टीदारों ने किया हमला

पुलिस और परिजनों के अनुसार, अमरेश बहादुर सिंह का अपने ही पट्टीदारों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। गुरुवार की देर रात जब अमरेश अपने डेयरी फार्म पर सो रहे थे, तभी पड़ोसी रामकरण सिंह अपने परिवार के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि पट्टीदारों ने पहले अमरेश के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर उन्हें जमीन पर पटककर पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद हमलावरों ने चाकू निकालकर अमरेश के पेट पर ताबड़तोड़ कई वार किए। चीख-पुकार सुनकर जब छोटा भाई मंजेश बीच-बचाव करने दौड़ा, तो आरोपियों ने उस पर भी चाकू और लाठियों से प्राणघातक हमला कर दिया।

मऊ में तोड़ा दम, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में दूसरा भाई जिंदगी और मौत से जूझ रहा

हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजन आनन-फानन में दोनों को बेल्थरा रोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मऊ रेफर कर दिया। मऊ के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान अमरेश बहादुर सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मंजेश की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां वे वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। तीन नामजद आरोपी हिरासत में, गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए ऐहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

दिनेश कुमार शुक्ला (अपर पुलिस अधीक्षक – उत्तरी, बलिया)

“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। मृतक की पुत्री की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। गांव में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।”

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *