*खाद्यान्न गबन के मामले में शासकीय उचित मूल्य दुकान के तत्कालीन विक्रेता के विरुद्ध एफआईआर**कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर थाना हरपालपुर में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज**उपभोक्ताओं को राशन वितरण में लापरवाही एवं स्टॉक में 132.01 क्विंटल गेहूं, 79.41 क्विंटल चावल और 32 किलो शक्कर कम पाए जाने का मामला*———छतरपुर जिले के थाना हरपालपुर में शासकीय उचित मूल्य दुकान काकुनपुरा के तत्कालीन विक्रेता जोधा सिंह के विरुद्ध सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गंभीर लापरवाही एवं खाद्यान्न गबन के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। कलेक्टर छतरपुर मृणाल मीना के निर्देश पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी हरिओम वर्मा द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत थाना हरपालपुर में अपराध क्रमांक 0167/2026 दर्ज कराया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।*पात्र परिवारों को समय पर राशन वितरण नहीं करने का मामला*काकुनपुरा शासकीय उचित मूल्य दुकान पर प्रतिमाह खाद्यान्न उपलब्ध कराए जाने के बावजूद तत्कालीन विक्रेता द्वारा पात्र परिवारों को समय पर राशन वितरित नहीं किया जा रहा था। दिसंबर 2025 में दुकान से संलग्न 479 पात्र परिवारों में से केवल 42 प्रतिशत, जनवरी 2026 में 39.70 प्रतिशत तथा मार्च 2026 में मात्र 14 प्रतिशत परिवारों को ही राशन का वितरण किया गया। इस कारण बड़ी संख्या में पात्र परिवार खाद्यान्न प्राप्त करने से वंचित रहे।*प्रभार हस्तांतरण के दौरान खाद्यान्न स्टॉक में मिली कमी*खाद्यान्न वितरण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उचित मूल्य दुकान के निलंबन के उपरांत प्रभार हस्तांतरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक के आधार पर भौतिक सत्यापन एवं हस्तांतरण किया गया, जिसमें 132.01 क्विंटल गेहूं, 79.41 क्विंटल चावल एवं 32 किलोग्राम शक्कर स्टॉक में कम पाई गई।*कलेक्टर के निर्देश पर दर्ज कराया गया प्रकरण*स्टॉक में पाई गई कमी, खाद्यान्न के अपयोजन, समय पर राशन वितरण नहीं करने तथा पात्र उपभोक्ताओं को उनके खाद्यान्न के अधिकार से वंचित रखने के मामले में तत्कालीन विक्रेता को दोषी पाए जाने पर कलेक्टर मृणाल मीना द्वारा संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के पालन में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी हरिओम वर्मा द्वारा थाना हरपालपुर में प्रकरण दर्ज कराया गया, जिसे पुलिस ने विवेचना में लिया है।












