छतरपुर।कलेक्टर मृणाल मीना ने शुक्रवार को हरपालपुर स्थित अनुसूचित जाति बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में व्यवस्थाओं में लापरवाही और अनियमितताएं सामने आने पर छात्रावास अधीक्षक इंद्रपाल अहिरवार को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए और दूसरा अधीक्षक पदस्थ करने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने छात्रावास में विद्यार्थियों की उपस्थिति, भोजन व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान छात्रावास में विद्यार्थी अनुपस्थित पाए गए। वहीं, विद्यार्थियों को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था में भी कमियां पाई गईं। निरीक्षण में छात्रावास की व्यवस्थाओं में लापरवाही एवं अन्य शिकायतें सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित अधीक्षक के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम नौगांव जीएस पटेल, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने छात्रावास में विद्यार्थियों को शासन के निर्देशानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।












