छतरपुर। अजयपार धाम में बुधवार शाम करीब 5 बजे हनुमान मंदिर में पूजा के बाद अजयपार बाबा उर्फ करण कुशवाहा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि मंदिर का गेट बंद करते समय एक सांप उनके पैरों में लिपट गया था। इसके बाद बाबा घबरा गए और उन्हें उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर उन्हें मिशन अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।बाबा बोले- भक्त घबराएं नहीं, हनुमान जी की कृपा से स्वस्थ हूं अस्पताल में उपचार के दौरान अजयपार बाबा उर्फ करण कुशवाहा ने बताया कि उनकी तबीयत अब ठीक है। उन्होंने भक्तों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कहते हुए अस्पताल में भीड़ नहीं लगाने की अपील की। बाबा ने कहा कि हनुमान जी की कृपा से वह बिल्कुल स्वस्थ हैं।सांप ने काटा या घबराहट से बिगड़ी तबीयत, स्थिति स्पष्ट नहीं मामले में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बाबा को सांप ने वास्तव में काटा था या सांप के पैरों में लिपटने के कारण घबराहट से उनकी तबीयत बिगड़ी। बाबा के अनुसार, उन्हें यह भी पता नहीं है कि सांप ने काटा था या नहीं। उन्होंने बताया कि पैरों में सांप के काटने के निशान भी दिखाई नहीं दे रहे हैं। सांप की प्रजाति की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है।डॉक्टरों की निगरानी में रखे गए बाबा जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर बाबा को करीब 12 घंटे तक निगरानी में रखने की बात कही है, ताकि उनकी सेहत पर नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार दिया जा सके।भीड़ नियंत्रित करने अस्पताल पहुंचे कोतवाली प्रभारी बाबा की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने के बाद उनके भक्तों और समर्थकों के अस्पताल पहुंचने की आशंका के बीच सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह भी मिशन अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में भीड़ को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से पुलिस की मौजूदगी रही। फिलहाल बाबा का मिशन अस्पताल में उपचार जारी है। सांप के काटने की पुष्टि और उनकी तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।












